उत्तराखंड के सीमांत जिले पिथौरागढ़ से बड़ी खबर सामने आई है. धारचूला तहसील मुख्यालय से करीब 42 किमी दूर पंपाबे नाम की जगह पर पार्किंग में खड़ी पर्यटकों की बोलेरो के ऊपर चट्टान गिर गई. इस हादसे में बोलेरो में बैठे ड्राइवर समेत दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए.
घायलों को तत्काल उप जिला चिकित्सालय धारचूला लाया जा रहा है. पत्थर गिरने से बोलेरो कार पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हुई है. बताया जा रहा है कि बोलेरो सवार सभी लोग पंचाचूली बेस से वापस लौट रहे थे. मृतक और घायलों के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है.