देहरादून में ‘महंगाई डायन खाय जात है’ वाला प्रदर्शन, सड़कों पर उतरी कांग्रेस – News Hunts

देहरादून में ‘महंगाई डायन खाय जात है’ वाला प्रदर्शन, सड़कों पर उतरी कांग्रेस

पेट्रोल, डीजल रसोई गैस की बढ़ी कीमतों को लेकर उत्तराखंड कांग्रेस ने आज सड़कों पर उतरकर प्रदर्शन किया. इसके लिए सबसे पहले कांग्रेस कार्यकर्ता प्रदेश मुख्यालय में एकत्रित हुए. उसके बाद पैदल मार्च निकालते हुए घंटाघर से होते हुए राजपुर रोड स्थित यूनिवर्सल फिलिंग स्टेशन पहुंचे. यहां कांग्रेसियों ने पेट्रोल डीजल के बढ़े दामों के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए प्रदर्शन किया. कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने पेट्रोल पम्प परिसर पर धरना दिया. साथ ही केंद्र सरकार की नीतियों का जमकर विरोध किया.

कांग्रेस जनों ने महंगाई डायन खाए जात है, जैसे गीत गाकर बढ़ती महंगाई के खिलाफ अपना रोष प्रकट किया. इस मौके पर कांग्रेस पार्टी के प्रदेश उपाध्यक्ष सूर्यकांत धस्माना ने कहा कि लगातार बढ़ रही महंगाई से देश की जनता त्राहिमाम कर रही है. विशेष तौर पर उत्तराखंड के पर्वतीय इलाकों में लोगों को तीन-तीन महीने तक गैस की आपूर्ति नहीं मिल पा रही है. पहाड़ों में लोग लंबी लाइन लगाकर गैस का सिलिंडर मिलने का इंतजार कर रहे हैं. लोगों के घरों में चूल्हा नहीं जल का रहा है.

यही हाल राजधानी देहरादून का भी है, यहां भी लोगों को गैस सिलिंडर लेने के लिए भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है. यही हाल पेट्रोल डीजल का भी है. सरकार की कुनीतियों के कारण पेट्रोल की कीमत 100 रुपये पार कर गई. एलपीजी गैस सिलिंडर पहले ही महंगा कर दिया गया था. उन्होंने कहा पेट्रोल डीजल की बढ़ाई गई कीमतों के बाद पूरे देश में अनाज और सब्जियां महंगी हो गई हैं. हालात ये हैं कि आम आदमी से जुड़ी उपभोग की सारी वस्तुएं निरंतर महंगी होती जा रही हैं.

उन्होंने कहा कच्चे तेल की बढ़ती कीमतों के बढ़ने का एकमात्र कारण केंद्र सरकार की दोषपूर्ण विदेश नीति है. सूर्यकांत धस्माना ने कहा महंगाई के खिलाफ आज हुए प्रदर्शन में माताओं, बहनों के साथ ही पार्टी कार्यकर्ताओं ने संगीत मय प्रदर्शन किया है. उनका कहना है कि आने वाले दिनों में कांग्रेस पार्टी देहरादून के हर पेट्रोल पंप और गैस एजेंसी के सामने प्रदर्शन करेगी. उसके बाद राज्य के मंत्रियों के आवास घेराव करने के साथ ही प्रत्येक जिलों के पेट्रोल पंपों पर भी कांग्रेस पार्टी प्रदर्शन करके सरकार के खिलाफ अपना विरोध दर्ज कराएगी.




Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *