सरकारी नौकरी का सपना दिखाकर चौकीदार से लाखों की ठगी, 8 माह बाद चला पता – News Hunts

सरकारी नौकरी का सपना दिखाकर चौकीदार से लाखों की ठगी, 8 माह बाद चला पता

हरिद्वार के लक्सर में सरकारी नौकरी दिलाने का झांसा देकर एक चौकीदार से 3 लाख रुपए की ठगी का मामला सामने आया है. बेटे की नौकरी लगवाने की उम्मीद में पीड़ित ने आरोपी के खाते में लाखों रुपए ट्रांसफर कर दिए, लेकिन आठ माह बाद भी नौकरी नहीं लगी. रुपए वापस मांगने पर आरोपी टालमटोल करता रहा. परेशान होकर पीड़ित ने पुलिस से गुहार लगाई है. जिसके बाद पुलिस पूरे मामले की पड़ताल में जुट गई है. पुलिस का कहना है कि जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी.

लक्सर कोतवाली क्षेत्र के टांडा भागमल स्थित एक स्टोन क्रशर पर चौकीदार के रूप में कार्य करने वाले व्यक्ति ने भिक्कमपुर को पुलिस चौकी में शिकायत देकर बताया कि मंगलौर के ठसका गांव निवासी एक व्यक्ति ने उसके बेटे की सरकारी नौकरी लगवाने का भरोसा दिया था. आरोपी ने खुद को प्रभावशाली व्यक्ति बताते हुए दावा किया कि उसका एक भाई सचिवालय में और दूसरा लोक निर्माण विभाग में कार्यरत है व उसके संपर्कों के बल पर नौकरी आसानी से लग सकती है.

पीड़ित का आरोप है कि आरोपी की बातों में आकर उसने अलग-अलग समय पर ऑनलाइन माध्यम से करीब तीन लाख रूपए उसके खाते में भेज दिए, सभी लेनदेन प्रमाण और बैंक रिकॉर्ड उसके पास मौजूद हैं. पीड़ित का कहना है कि रुपए देने के 8 माह बीत जाने के बावजूद न तो बेटे की नौकरी लगी और ना ही रकम वापस मिली जब उसने अपने पैसे लौटाने की मांग की तो आरोपी बहाने बनाने लगा बाद में उसने आरोपी के परिजनों से भी संपर्क किया, लेकिन कोई समाधान नहीं निकला.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *