हरिद्वार में निर्माणाधीन फ्लाईओवर के गार्डर के नीचे दबकर दो कांवड़ियों की मौत – News Hunts

हरिद्वार में निर्माणाधीन फ्लाईओवर के गार्डर के नीचे दबकर दो कांवड़ियों की मौत

बहादराबाद थाना क्षेत्र में गंगाजल लेकर अपने गंतव्य की ओर लौट रहे दो कांवड़ियों की शनिवार दोपहर को दर्दनाक हादसे में मौत हो गई. निर्माणाधीन फ्लाईओवर के नीचे रखे लोहे के भारी गार्डर के अचानक खिसक जाने से दोनों कांवड़िए इसकी जद में आ गये. जिससे उनकी मौत हो गई. हादसे के बाद मौके पर अफरातफरी मच गई. अन्य कांवड़ियों ने पुलिस को सूचना दी. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची. दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए रुड़की के सरकारी अस्पताल भेजा.

पुलिस के अनुसार शनिवार दोपहर करीब 2:20 बजे ग्राम बड़ेड़ी राजपूतान में निर्माणाधीन फ्लाईओवर के नीचे रखे लोहे के गार्डरों के पास हरिद्वार से गंगाजल लेकर लौट रहे कांवड़िए विश्राम कर रहे थे. इसी दौरान एक कांवड़िया गार्डर पर चढ़ गया. जिससे भारी गार्डर अचानक फिसलकर नीचे बैठे कांवड़ियों पर गिर पड़ा. हादसे में दो कांवड़िए गंभीर रूप से घायल हो गए. दोनों घायलों को तत्काल उपचार के लिए उप जिला चिकित्सालय रुड़की ले जाया गया. चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया.

मृतकों की पहचान 21 वर्षीय तनुज पुत्र महेश चंद्र निवासी छोटा हरिद्वार, जलालाबाद, थाना मुरादनगर (मेरठ) तथा 22 वर्षीय कृष्ण पुत्र मटरु निवासी शकूरपुर, थाना भोजपुर, जिला गाजियाबाद के रूप में हुई है. दोनों कांवड़िए गंगाजल लेकर वापस अपने गंतव्यों की ओर लौट रहे थे, तभी रास्ते में हादसे का शिकार हो गए. पुलिस ने दोनों के परिजनों को घटना की सूचना दे दी है.

बहादराबाद थाना प्रभारी निरीक्षक अमरजीत सिंह ने बताया प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि निर्माणाधीन फ्लाईओवर के नीचे रखे लोहे के गार्डर पर एक कांवड़िया चढ़ गया. जिससे गार्डर का संतुलन बिगड़ गया. वह नीचे बैठे कांवड़ियों पर गिर गया.दोनों घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया. पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की कार्रवाई शुरू कर दी है. फिलहाल शवों को अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया गया है. घटना के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है.




Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *