खाई में गिरी बोलेरो, एक ही परिवार के 5 लोगों की मौत  – News Hunts

खाई में गिरी बोलेरो, एक ही परिवार के 5 लोगों की मौत 

पौड़ी। पौड़ी-देवप्रयाग मार्ग पर शुक्रवार को कुंडधार के पास एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक ही परिवार के पांच लोगों की मौत हो गई। हरिद्वार के लक्सर क्षेत्र निवासी ठेकेदार की बोलेरो अनियंत्रित होकर करीब 250 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में ठेकेदार, उसकी पत्नी, दो बच्चों और छोटे भाई की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनका एक पुत्र गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को रेस्क्यू कर बेस अस्पताल श्रीनगर में भर्ती कराया गया है।

हादसा शुक्रवार पूर्वाह्न करीब 11:30 बजे हुआ। थाना देवप्रयाग पुलिस को सूचना मिली कि पौड़ी-देवप्रयाग मार्ग पर कुंडधार के पास एक वाहन अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे गहरी खाई में गिर गया है। सूचना मिलते ही देवप्रयाग पुलिस और एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया।

रेस्क्यू टीमों के मुताबिक बोलेरो वाहन संख्या UK08 BL 0387 सड़क से करीब 250 मीटर नीचे खाई में जा गिरा था। खाई बेहद गहरी होने के कारण रेस्क्यू टीम को नीचे पहुंचने और घायलों व शवों को बाहर निकालने में काफी मशक्कत करनी पड़ी।

पुलिस के अनुसार वाहन में एक ही परिवार के छह लोग सवार थे। हादसे में पांच लोगों की मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल है। मृतकों की पहचान अफजाल (49) पुत्र अकबर सूफी, शब्बो (40) पत्नी अफजाल, अन्नाविया (3) पुत्री अफजाल, शादाब (14) पुत्र अफजाल और गुफरान (34) पुत्र अकबर, सभी निवासी रायपुर जीतपुर, थाना कोतवाली लक्सर, हरिद्वार के रूप में हुई है।

घायल अरमान पुत्र अफजल, निवासी रायपुर जीतपुर, थाना कोतवाली लक्सर को रेस्क्यू के बाद उपचार के लिए बेस अस्पताल श्रीनगर पहुंचाया गया है। उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है।

 

परिवार को घुमाने पौड़ी ला रहा था अफजाल

 

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार अफजाल पौड़ी क्षेत्र में ठेकेदारी का काम करता था। शुक्रवार सुबह वह अपने परिवार को लेकर पौड़ी की ओर घूमने के लिए निकला था। बताया जा रहा है कि बोलेरो अफजाल स्वयं चला रहा था। कुंडधार के पास अचानक वाहन अनियंत्रित हुआ और देखते ही देखते सड़क से नीचे गहरी खाई में जा गिरा।

हादसे की सूचना के बाद मौके पर आसपास के लोग भी जुट गए। पुलिस और एसडीआरएफ ने स्थानीय लोगों की मदद से रेस्क्यू अभियान चलाया। एक ही परिवार के पांच लोगों की मौत की खबर से लक्सर के रायपुर जीतपुर गांव में मातम पसरा हुआ है।

हादसे के कारणों की पुलिस जांच कर रही है। प्रथम दृष्टया वाहन के अनियंत्रित होकर खाई में गिरने की बात सामने आई है। पुलिस ने मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *