राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू जून में देहरादून दौरे पर, IMA पासिंग आउट परेड में लेंगी सलामी

माह जून में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के तीन दिवसीय प्रवास कार्यक्रम को सुव्यवस्थित और सुरक्षित बनाने के लिए देहरादून में प्रशासनिक तंत्र सक्रिय हो गया है। कल मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन की अध्यक्षता में एक उच्चस्तरीय बैठक में राष्ट्रपति के दौरे से संबंधित सुरक्षा व्यवस्था, प्रोटोकॉल और अन्य आवश्यक तैयारियों पर विस्तार से चर्चा के उपरांत संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए। प्राप्त सुचना के अनुसार 12 जून से 14 जून तक के भ्रमण कार्यक्रम के दौरान राष्ट्रपति भारतीय सैन्य अकादमी की पासिंग आउट परेड में सलामी लेने के साथ-साथ केदारनाथ धाम के दर्शन करेंगी।

13 जून को, राष्ट्रपति भारतीय सैन्य अकादमी की पासिंग आउट परेड में बतौर मुख्य अतिथि शामिल होंगी,जिससे इस कार्यक्रम का महत्व और भी बढ़ जाता है। देश के भावी सैन्य अधिकारियों के लिए उनके करियर के सबसे यादगार क्षण में राष्ट्रपति मुर्मू द्वारा परेड की सलामी लेना एक विशेष अनुभव होगा। सैन्य अधिकारियों और कैडेटों के लिए यह गर्व का क्षण होगा जब देश की सर्वोच्च संवैधानिक पद पर आसीन व्यक्ति उनके समारोह की शोभा बढ़ाएगा।

यह पासिंग आउट परेड अनेक मामलो में ऐतिहासिक होगी :-

• पहली बार महिला राष्ट्रपति आइएमए की पासिंग आउट परेड में बतौर रिव्यूइंग अफसर परेड की सलामी लेंगी
• भारतीय सैन्य अकादमी के 94 साल के इतिहास में यह पहली बार होगा जब 09 महिला आफिसर कैडेट ड्रिल स्क्वायर पर अंतिम पग भरेंगी।

पासिंग आउट परेड में मित्र देशो के 34 आफिसर कैडेट सहित कुल 516 आफिसर कैडेट सम्मिलित होंगे। द्रौपदी मुर्मू भारतीय सैन्य अकादमी की पासिंग आउट परेड में बतौर रिव्यूइंग अफसर परेड की सलामी लेने वाली पांचवीं भारतीय राष्ट्रपति होंगी। उनसे पूर्व डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन (1962),आर. वेंकटरमण(1992) में, डॉ. ए. पी. जे. अब्दुल कलाम (दिसम्बर 2006) , राम नाथ कोविन्द( दिसम्बर 2021) ने पासिंग आउट परेड का निरीक्षण किया।




Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *