हरिद्वार में तेज रफ्तार डंपर ने यात्रियों से भरी बस को मारी टक्कर, एक महिला की मौत, 37 घायल

हरिद्वार में सप्तऋषि इलाके में शांतिकुंज के पास सोमवार को हुए दर्दनाक सड़क हादसे का सीसीटीवी फुटेज सामने आया है. यह यह हादसा टक्कर लगने के कारण हुआ है. तेज गति में आ रहे डंपर ने निजी बस में टक्कर मारी थी, जिस कारण बस पलट गई और एक महिला यात्री की मौत हो गई, हादसे में 37 यात्री घायल हो गए. साथ ही डंप बस को टक्कर मारने के बाद अनियंत्रित होकर एक ढाबे में जा घुसा. गनीमत रही कि हादसे के वक्त ढाबे में कोई मौजूद नहीं था. वहीं बस में 45 यात्री सवार थे और सभी यात्री गंगा स्नान कर राजस्थान लौट रहे थे. वहीं पुलिस प्रशासन ने हेल्पलाइन नंबर 9411112827 जारी किया है.

हादसे में राजस्थान के नागौर जिले की निवासी एक महिला यात्री की मौत हो गई. घायलों की संख्या अब 37 पहुंच गई है. घायल यात्रियों में 29 महिलाएं, 6 पुरूष और 2 बच्चे शामिल हैं. सभी घायलों को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है. यह घटना पास में ढाबे में लगे सीसीटीवी कैमरे मे कैद हो गई. हादसे का वीडियो भी सामने. वीडियो के अनुसार, सड़क किनारे एक यात्री बस को बैक किया जा रहा था.

इसी दौरान पीछे से आ रहे एक डंपर ने बस को टक्कर मार दी. टक्कर लगते ही बस अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गई. हादसे के बाद मौके पर अफरा तफरी मच गई और यात्रियों में चीख पुकार मच गई. वीडियो में यह भी दिखाई दे रहा है कि बस से टकराने के बाद डंपर चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका और डंपर सड़क किनारे स्थित एक ढाबे में जा घुसा. इस दौरान वहां खड़ी एक बुलेरो भी डंपर की चपेट में आकर क्षतिग्रस्त हो गई. वहीं पुलिस ने डंपर चालक को हिरासत में ले लिया है और डंपर को कब्जे में लेकर चालक से पूछताछ की जा रही है.

घटना की सूचना मिलते ही शहर कोतवाली प्रभारी निरीक्षक कुंदन सिंह राणा पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे. स्थानीय लोगों और पुलिस ने संयुक्त रूप से राहत एवं बचाव अभियान चलाकर बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकाला. चिकित्सकों ने एक महिला को मृत घोषित कर दिया, जबकि अन्य घायलों का उपचार जारी है. पुलिस ने हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है. वीडियो फुटेज को भी जांच का हिस्सा बनाया जा रहा है.




Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *