दिल्ली से घर नैनीताल लौट रहे बाइक सवार को वाहन ने मारी टक्कर, अस्पताल पहुंचने से पहले मौत

उधम सिंह नगर जिले के रुद्रपुर में एक दर्दनाक सड़क हादसे में नैनीताल जिले के एक युवक की मौत हो गई. दिल्ली से अपने घर लौट रहे 24 वर्षीय युवक को टांडा जंगल के पास किसी अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी. सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायल युवक को 108 एंबुलेंस की मदद से अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है और अज्ञात वाहन की तलाश शुरू कर दी है.

दिल्ली से बाइक पर अपने घर लौट रहे नैनीताल जिले के एक युवक की सड़क दुर्घटना में दर्दनाक मौत हो गई. हादसा सिडकुल चौकी क्षेत्र के अंतर्गत टांडा जंगल के पास हुआ, जहां किसी अज्ञात वाहन ने युवक की बाइक को जोरदार टक्कर मार दी. दुर्घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल युवक को 108 एंबुलेंस की सहायता से नजदीकी अस्पताल पहुंचाया, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी. अस्पताल में डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया.

मृतक की पहचान कुंदन सिंह सम्मल (24 वर्ष) पुत्र खुशाल सिंह सम्मल निवासी ग्राम राशिल, काठगोदाम, जिला नैनीताल के रूप में हुई है. बताया जा रहा है कि कुंदन सिंह पिछले चार साल से दिल्ली के एक होटल में नौकरी कर रहा था. वह अपनी बाइक से अकेले दिल्ली से अपने घर नैनीताल के लिए निकला था. रास्ते में टांडा जंगल के पास अज्ञात वाहन ने उसकी बाइक को टक्कर मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया.

घटना की सूचना मिलते ही सिडकुल पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से घायल युवक को तत्काल 108 एंबुलेंस के माध्यम से नजदीकी अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद युवक को मृत घोषित कर दिया. इसके बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया.

इस हादसे की खबर मिलते ही मृतक के परिवार में कोहराम मच गया. कुंदन सिंह अपने परिवार का सबसे बड़ा बेटा था. परिवार में तीन भाई और एक बहन है. उनके पिता खुशाल सिंह सम्मल किसान हैं. परिवार की आर्थिक जिम्मेदारियों में भी कुंदन का महत्वपूर्ण योगदान था. उनकी असमय मौत से पूरे परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है. गांव में भी शोक की लहर दौड़ गई है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.




Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *