झाड़ियों में शव मिलने से दिनेशपुर में फैली सनसनी, मौके पर पुलिस और फोरेंसिक टीमें

दिनेशपुर थाना क्षेत्र में एक 40 वर्षीय युवक का शव झाड़ियों में मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया. मृतक की पहचान सपन राय के रूप में हुई है. सूचना मिलते ही पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची. साक्ष्य जुटाकर जांच शुरू कर दी गई है. पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा.

दिनेशपुर थाना क्षेत्र के नेताजी नगर गांव में आज सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब एक 40 वर्षीय युवक का शव संदिग्ध परिस्थितियों में झाड़ियों के बीच पड़ा मिला. घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंच गए. देखते ही देखते वहां लोगों की भीड़ जमा हो गई. स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी. जिसके बाद दिनेशपुर थाना पुलिस और फोरेंसिक टीम घटनास्थल पर पहुंची और जांच शुरू कर दी. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है.

पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान सपन राय (40 वर्ष) पुत्र गुरुपद राय, निवासी वार्ड नंबर-9, दिनेशपुर के रूप में हुई है. उनका शव नेताजी नगर गांव में एक प्लॉटिंग के समीप झाड़ियों में पड़ा मिला. घटनास्थल से मृतक की मोटरसाइकिल भी बरामद हुई है, जिसे पुलिस ने अपने कब्जे में लेकर जांच के लिए सुरक्षित कर लिया है. मोटरसाइकिल की बरामदगी के बाद पुलिस मामले की हर संभावित दिशा से जांच कर रही है.

घटना की सूचना मिलते ही मृतक के परिजन भी मौके पर पहुंच गए. शव देखकर परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया. क्षेत्र में शोक और चिंता का माहौल है. स्थानीय लोगों का कहना है कि सुबह तक किसी को इस घटना की जानकारी नहीं थी, लेकिन जैसे ही झाड़ियों में शव मिलने की खबर फैली, पूरे इलाके में सनसनी फैल गई.

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने फोरेंसिक विशेषज्ञों को भी मौके पर बुलाया. टीम ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया. वहां से आवश्यक साक्ष्य एकत्र किए. पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है. यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि मृतक आखिरी बार किसके साथ देखा गया था? इसके अलावा घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है, ताकि घटना से जुड़े अहम सुराग मिल सकें.

पुलिस क्षेत्राधिकारी दौलत राम वर्मा ने बताया युवक का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिला है. प्रथम दृष्टया मौत के कारणों के बारे में कोई निष्कर्ष निकालना जल्दबाजी होगी. उन्होंने कहा पुलिस हर पहलू को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है. किसी भी संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता. पोस्टमार्टम रिपोर्ट तथा फोरेंसिक जांच की रिपोर्ट मिलने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा.




Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *