ऊखीमठ में नदी में मिला अधेड़ का शव, मौत का कारण जानने में जुटी पुलिस

ऊखीमठ तहसील क्षेत्र स्थित मनसूना मुख्य बाजार में उस वक्त हड़कंप मच गया, जब ग्रामीणों ने ऊखीमठ ग्रामीण बैंक के पास पुलिया के नीचे नदी में एक व्यक्ति का शव पड़ा देखा. ग्रामीणों ने आनन-फानन में घटना की सूचना पुलिस को दी. सूचना मिलते ही जिला प्रशासन, आपदा प्रबंधन विभाग, डीडीआरएफ और स्थानीय पुलिस तत्काल सक्रिय हो गई. जिसके बाद रेस्क्यू कर शव को कब्जे में लिया.

दरअसल, जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र (DEOC) रुद्रप्रयाग को स्थानीय निवासी भगत सिंह ने सूचना दी कि मनसूना नदी पर बनी पुलिया के नीचे एक शव दिखाई दे रहा है. सूचना मिलते ही जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी नंदन सिंह रजवार के निर्देश पर जिला आपदा प्रतिक्रिया बल (DDRF), तहसील प्रशासन और स्थानीय पुलिस को तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना किया गया.

वहीं, घटनास्थल पर पहुंची डीडीआरएफ टीम ने चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों के बीच रेस्क्यू अभियान चलाकर शव को नदी से बाहर निकाला. इसके बाद शव को अग्रिम वैधानिक कार्रवाई के लिए स्थानीय पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट से ही मौत की असल वजह स्पष्ट हो पाएगी.

मृतक की शिनाख्त-

  1. नंदन सिंह पंवार पुत्र स्व. इंद्र सिंह पंवार (उम्र 48 वर्ष), निवासी- ग्राम मनसूना, तहसील ऊखीमठ, रुद्रप्रयाग

फिलहाल, मौत के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए जांच की जा रही है. घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है. जबकि, पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच में जुटी हुई है. जांच की जा रही है कि उसकी हत्या कर फेंका गया है या कहीं से शव बहकर आया है या उसके साथ कोई हादसा हुआ? इन तमाम पहलुओं पर पुलिस जांच कर रही है.




Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *