उत्तराखंड पुलिस ने खरीदे नौ दंगा नियंत्रण वाहन, अब हो सकेगी प्रभावी कार्रवाई

इन विशेष वाहनों को आधुनिक तकनीक से लैस किया जाएगा। ताकि किसी भी हिंसक प्रदर्शन, पथराव या दंगा जैसी स्थिति में पुलिस बल सुरक्षित रहते हुए प्रभावी कार्रवाई कर सके। वाहनों में वाटर कैनन, सार्वजनिक उद्घोषणा प्रणाली, सुरक्षा कवच और अन्य आवश्यक उपकरण लगाए गए हैं। इससे भीड़ को नियंत्रित करने में आसानी होगी।

पुलिस विभाग के अनुसार प्रदेश के कुछ क्षेत्रों में कानून-व्यवस्था से जुड़ी घटनाओं ने पुलिस के सामने नई चुनौतियां खड़ी की हैं। विशेष रूप से सहसपुर की घटना के बाद दंगा नियंत्रण संसाधनों को मजबूत करने की आवश्यकता महसूस की गई। इसी को देखते हुए पुलिस मुख्यालय ने आधुनिक दंगा नियंत्रण वाहन खरीदने का निर्णय लिया।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार वाहनों को उन जिलों में तैनात किया जाएगा, जहां संवेदनशीलता अधिक है या बड़े धार्मिक, राजनीतिक और सामाजिक आयोजन नियमित रूप से होते हैं।

देहरादून, हरिद्वार, ऊधमसिंह नगर और नैनीताल जैसे जिलों को प्राथमिकता मिलने की संभावना है। आवश्यकता पड़ने पर इन वाहनों को अन्य जिलों में भी तत्काल भेजा जा सकेगा। बदलते समय में भीड़ नियंत्रण के लिए केवल पुलिस बल पर्याप्त नहीं है। आधुनिक उपकरणों और संसाधनों से लैस होना भी उतना ही जरूरी है।

उत्तराखंड पुलिस पहले से ही अपने आधुनिकीकरण अभियान के तहत नये हथियार, संचार प्रणाली, ड्रोन, साइबर अपराध जांच उपकरण और अन्य संसाधनों को शामिल कर रही है। अब नौ दंगा नियंत्रण वाहन की खरीद को भी इसी कड़ी में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *