केदारनाथ यात्रा मार्ग पर शुक्रवार को एक हृदयविदारक हादसा हो गया. चीरबासा हेलीपैड के पास ऊपरी पहाड़ी से अचानक भारी पत्थर गिरने से स्थानीय घोड़ा संचालक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि राजस्थान का एक यात्री गंभीर रूप से घायल हो गया. घटना के बाद यात्रा मार्ग पर कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया था.
जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी से प्राप्त जानकारी के अनुसार शुक्रवार दोपहर को करीब 2:54 बजे सूचना मिली कि चीरबासा हेलीपैड के पास ऊपरी पहाड़ी से अचानक पत्थर और मलबा गिरने लगा, जिसकी चपेट में दो व्यक्ति आ गए. सूचना मिलते ही पुलिस, डीडीआरएफ, वाईएमएफ, आपदा मित्र व सेक्टर अधिकारी गौरीकुंड की टीमों को तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना किया गया.
मौके पर पहुंची संयुक्त राहत व बचाव टीमों ने त्वरित कार्रवाई करते हुए घायल व्यक्ति को प्राथमिक उपचार के लिए तत्काल चिकित्सा केंद्र गौरीकुंड पहुंचाया, जहां उसका उपचार जारी है. चिकित्सकों के अनुसार घायल यात्री की स्थिति पर लगातार निगरानी रखी जा रही है. हादसे में घायल व्यक्ति की पहचान विष्णु निवासी राजस्थान के रूप में हुई है.
वहीं मृतक की पहचान देवेश सिंह (23 वर्ष), निवासी ग्राम बड़ासू, जनपद रुद्रप्रयाग के रूप में हुई है. देवेश सिंह केदारनाथ यात्रा मार्ग पर घोड़ा संचालक के रूप में कार्यरत था. हादसे में उसकी मौके पर ही मृत्यु हो गई. प्रशासन द्वारा मृतक के संबंध में आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है.
घटना के बाद प्रशासन ने यात्रा मार्ग के संवेदनशील स्थलों पर निगरानी बढ़ा दी है. सुरक्षा व्यवस्था को और सुदृढ़ करने के निर्देश दिए हैं. यात्रियों से भी विशेष सतर्कता बरतने और प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की गई है.
गौरतलब है कि केदारनाथ धाम यात्रा क्षेत्र में पिछले कुछ दिनों से मौसम लगातार खराब बना हुआ है. वर्षा, भूस्खलन और पहाड़ियों से पत्थर गिरने की घटनाओं की आशंका को देखते हुए प्रशासन लगातार अलर्ट मोड पर है.
विशेषज्ञों का मानना है कि लगातार वर्षा के कारण पहाड़ों की ऊपरी ढलानें कमजोर हो रही हैं, जिससे इस प्रकार की घटनाओं का खतरा बढ़ जाता है. यह हादसा एक बार फिर पर्वतीय क्षेत्रों में यात्रा के दौरान सतर्कता और सुरक्षा उपायों के महत्व को रेखांकित करता है. प्रशासन ने श्रद्धालुओं एवं स्थानीय लोगों से अपील की है कि वे संवेदनशील क्षेत्रों में अनावश्यक रूप से न रुकें और सुरक्षा कर्मियों के निर्देशों का पालन करें.