देवरानी ने जेठानी की बनाई फर्जी आईडी, फिर मां-बेटी के साथ कर दिया बड़ा खेल

सोशल मीडिया जहां लोगों को जोड़ने का माध्यम माना जाता है, वहीं इसका दुरुपयोग अब रिश्तों में भी जहर घोल रहा है. नैनीताल जिला मुख्यालय हल्द्वानी से ऐसा ही मामला सामने आया है, जहां एक महिला ने अपनी देवरानी पर गंभीर आरोप लगाया है. महिला का आरोप है कि देवरानी ने उसकी इंस्टाग्राम पर फर्जी आईडी बनाई, जहां पर देवरानी ने पीड़िता और उसकी नाबालिग बेटी की तस्वीरों के साथ आपत्तिजनक सामग्री पोस्ट कर दी. कोर्ट के आदेश पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.

रिश्तों में बढ़ती खटास अब सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म तक पहुंचने लगी है. कुछ ऐसा ही मामला हल्द्वानी के तीनपानी क्षेत्र से सामने आया है, जहां पारिवारिक विवाद ने साइबर उत्पीड़न का रूप ले लिया. एक महिला ने आरोप लगाया है कि उसकी देवरानी ने उसके और उसकी नाबालिग बेटी के नाम से फर्जी इंस्टाग्राम अकाउंट बनाकर उनकी तस्वीरों और वीडियो का इस्तेमाल किया.

महिला का कहना है कि सोशल मीडिया पर डाले गए वीडियो में अश्लील गाने और आपत्तिजनक टिप्पणियां जोड़कर उन्हें प्रसारित किया गया, जिससे उसकी और उसकी बेटी की छवि को नुकसान पहुंचाने का प्रयास किया गया. पीड़िता के अनुसार यह सिर्फ सोशल मीडिया पर बदनाम करने का मामला नहीं है, बल्कि एक नाबालिग की पहचान और सम्मान से भी जुड़ा गंभीर विषय है.

महिला ने यह भी आरोप लगाया कि विरोध करने पर उसे मोबाइल फोन के माध्यम से जान से मारने और दुर्घटना कराने की धमकियां दी गईं. इसके अलावा उसने न्यायालय को बताया कि इसी वर्ष जनवरी में उस पर घर में घुसकर हमला करने का प्रयास भी किया गया था.

पीड़िता का कहना है कि उसने कई बार पुलिस से शिकायत की, लेकिन कार्रवाई नहीं होने पर उसे न्यायालय की शरण लेनी पड़ी. अदालत ने मामले को गंभीर मानते हुए पुलिस को प्राथमिकी दर्ज करने के निर्देश दिए. इसके बाद हल्द्वानी कोतवाली पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. सीओ सिटी अमित कुमार ने बताया कि कोर्ट के आदेश पर हल्द्वानी कोतवाली में मुकदमा दर्ज किया गया है. मामले की जांच की जा रही है.




Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *