14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेजे गए पूर्व विधायक कुंवर चैंपियन, MLA के आवास पर फायरिंग के बाद पुलिस ने किया था गिरफ्तार


पूर्व विधायक कुंवर प्रणव चैंपियन और खानपुर विधायक उमेश के बीच हुए विवाद के बाद सीजीएम कोर्ट ने चैंपियन को 14 दिन की न्यायिक हिरासत में हरिद्वार जेल भेज दिया है. बता दें आज खानपुर विधायक और कुंवर प्रणव चैंपियन को कोर्ट में पेश किया जाना था. जहां से चैंपियन को 14 दिन की न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है.

विधायक उमेश और चैंपियन पिछले काफी समय से एक दूसरे को डरा धमका रहे थे. शनिवार से पहले दोनों के बीच यह बहस और तनातनी सोशल मीडिया पर ही देखने को मिल रही थी, लेकिन शनिवार को ये जंग सोशल मीडिया से निकलकर सड़क तक पहुंच गई. शनिवार रात को उमेश अपने समर्थकों के साथ चैंपियन के एक पोस्ट को लेकर उनके लंढौर स्थित घर पहुंचे थे. जब चैंपियन वहां नहीं मिले तो उमेश अपने समर्थकों के साथ वापस लौट आए. इसी बात का बदला लेने के लिए चैंपियन ने अपने समर्थकों के साथ रविवार को उमेश के दफ्तर में घुसकर उमेश के समर्थक को पीटा.

आरोप है कि इस दौरान उन्होंने अभद्र भाषा का प्रयोग किया और उनके दफ्तर में फायरिंग भी की. जिसके बाद चैंपियन और उनके समर्थक वहां से चले गए. रविवार रात चैंपियन की गिरफ्तारी सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बन गई. नेहरूकॉलोनी पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार तो किया, लेकिन पुलिस उनकी मेजबानी करती दिखी. वीडियो में चैंपियन पुलिस अधिकारियों से हाथ मिलाते और हंसी मजाक करते हुए नजर आ रहे हैं. कुछ ही देर बाद हरिद्वार पुलिस दून पहुंची और चैंपियन को कैदियों की गाड़ी में लेकर हरिद्वार के लिए रवाना हो गई.








Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *