उत्तराखंड पर अगले कुछ दिन मौसम के लिहाज से बहुत भारी पड़ने वाले हैं. मौसम विभाग ने 18 जुलाई से 21 जुलाई तक भारी से बहुत भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है. इस दौरान संवेदनशील इलाकों में लैंडस्लाइड और चट्टानों के गिरने की आशंका जताई गई है. नालों और नदियों में अत्यधित जल प्रवाह की चेतावनी भी दी गई है.
मौसम विभाग ने आज जो पूर्वानुमान जारी किया है, उसके अनुसार 18 जुलाई को उत्तराखंड के सभी जिलों में अधिकांश स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है. बारिश का ये सिलसिला 21 जुलाई तक जारी रहेगा. इस दौरान देहरादून, नैनीताल, चंपावत और बागेश्वर जिलों में विशेष सावधान रहने की जरूरत है. मौसम विभाग ने इसलिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है.
रविवार 19 जुलाई को उत्तराखंड के देहरादून, टिहरी गढ़वाल, पौड़ी गढ़वाल, हरिद्वार, नैनीताल, चंपावत, उधम सिंह नगर और बागेश्वर जिलों में कहीं-कहीं भारी से बहुत भारी बारिश होगी. इन्हीं जिलों में कहीं-कहीं बारिश के तेज से बहुत तेज दौर होंगे. भारी बारिश को देखते हुए मौसम विभाग ने ऑरेंज अलर्ट जारी किया है.
सोमवार 20 जुलाई को राज्य के देहरादून, नैनीताल, हरिद्वार और पौड़ी गढ़वाल जिलों में कहीं-कहीं भारी से बहुत भारी बारिश का पूर्वानुमान है. इसके साथ ही उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, टिहरी गढ़वाल, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिलों में कहीं-कहीं भारी बारिश होगी. शेष जिलों में कहीं-कहीं वर्षा के तीव्र से अति तीव्र दौर चलेंगे.
मंगलवार 21 जुलाई को राज्य के बागेश्वर जिले में कहीं-कहीं भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना है. इसके अलावा देहरादून, टिहरी गढ़वाल, रुद्रप्रयाग, उत्तरकाशी, नैनीताल और पिथौरागढ़ जिलों में कहीं-कहीं भारी बारिश की संभावना है. बाकी जिलों में बारिश के अति तीव्र दौर चलेंगे.