हरिद्वार (आरएनएस)। पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी की जयंती पर जिला महानगर कांग्रेस कमेटी की ओर से मायापुर स्थित कार्यालय में श्रद्धांजलि सभा आयोजित की गई। कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने राजीव गांधी के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी। वक्ताओं ने कहा कि राजीव गांधी ने आधुनिक भारत के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई और युवाओं को 21 वर्ष के बजाय 18 वर्ष की आयु में मतदान का अधिकार दिलाकर लोकतंत्र को मजबूत किया। उन्होंने कहा कि राजीव गांधी को सच्ची श्रद्धांजलि उनके बताए मार्ग पर चलते हुए देश, समाज और लोकतंत्र के लिए काम करना है।
महानगर अध्यक्ष अमन गर्ग और स्वतंत्रता सेनानी उत्तराधिकारी प्रकोष्ठ के अध्यक्ष मुरली मनोहर ने कहा कि राजीव गांधी ने देश को आधुनिकता की दिशा में आगे बढ़ाने के लिए महत्वपूर्ण कार्य किए।उनके विचारों और दिखाए मार्ग पर चलते हुए समाज और देश के निर्माण में योगदान देना ही उन्हें सच्ची श्रद्धांजलि होगी। युवा नेता वरुण बालियान और वरिष्ठ नेता अशोक शर्मा ने कहा कि राजीव गांधी युवाओं की शक्ति और क्षमता पर विश्वास करते थे। उनके विचारों से प्रेरणा लेकर युवाओं के हितों के लिए संघर्ष जारी रखना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी। एससी-एसटी कांग्रेस के जिलाध्यक्ष तीर्थ पाल रवि और वरिष्ठ श्रमिक नेता मुकुल जोशी ने कहा कि राजीव गांधी ने आधुनिक भारत की नींव मजबूत करने और देश को नई दिशा देने का काम किया।
वहीं, महानगर कांग्रेस महासचिव राजीव भार्गव और यूथ कांग्रेस के प्रदेश महासचिव उत्कर्ष वालिया ने उन्हें नमन किया। पार्षद हिमांशु गुप्ता और पार्षद सोहित सेठी ने कहा कि राजीव गांधी के विचारों और लोकतांत्रिक मूल्यों को आगे बढ़ाना जरूरी है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ताओं को उनके दिखाए मार्ग पर चलते हुए लोकतंत्र की मजबूती के लिए संघर्ष करना चाहिए। श्रद्धांजलि सभा में ब्लॉक अध्यक्ष अजय गिरी, पार्षद सुनील कुमार सिंह, महावीर वशिष्ठ, आशीष प्रधान, आशीष पंवार, पार्षद प्रतिनिधि अकरम अंसारी, पीसीसी सदस्य राहुल चौधरी, वरिष्ठ नेता राजेंद्र भारद्वाज, ब्रह्मचंद, अयान सैफी, मोहित अरियाल, करन सिंह राणा, इंद्र कुमार गौड़, गोविंद पांडेय, अशोक गुप्ता समेत बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।