वंदे भारत में घुसने की कोशिश कर रहा था दस फीट लंबा अजगर, नजर पड़ते ही मचा हड़कंप

हरिद्वार (आरएनएस)। हरिद्वार रेलवे स्टेशन की वाशिंग लाइन में खड़ी वंदे भारत एक्सप्रेस के कोच में गुरुवार को करीब दस फीट लंबा अजगर घुसने लगा। अजगर दिखते ही रेल कर्मचारियों में हड़कंप मच गया। सूचना पर पहुंची वन विभाग की टीम ने दो घंटे की मशक्कत के बाद उसे सुरक्षित रेस्क्यू कर जंगल में छोड़ दिया।

जानकारी के अनुसार देहरादून से संचालित वंदे भारत एक्सप्रेस गुरुवार सुबह करीब नौ बजे निर्धारित कार्यक्रम के तहत मेंटीनेंस के लिए हरिद्वार रेलवे स्टेशन की वाशिंग लाइन पहुंची थी। यहां ट्रेन की साफ-सफाई, तकनीकी जांच और रखरखाव का काम चल रहा था। शाम करीब छह बजे ट्रेन को हरिद्वार से देहरादून रवाना होना था। इसी बीच दोपहर करीब 12 बजे कर्मचारियों की नजर ट्रेन के नीचे घूम रहे विशालकाय अजगर पर पड़ी। कर्मचारियों के अनुसार अजगर करीब दस फीट लंबा था और ट्रेन की बोगी के पास लटकते हुए कोच के अंदर जाने का प्रयास कर रहा था। अजगर को देखकर वहां अफरा-तफरी मच गई। कर्मचारियों ने खुद अजगर को पकड़ने का जोखिम नहीं उठाया और तत्काल वन विभाग को सूचना दी। सूचना पर हरिद्वार रेंज से वन दरोगा आरती पंत, फॉरेस्ट गार्ड राहुल और वनकर्मी लाखन मौके पर पहुंचे। टीम ने सावधानी से रेस्क्यू अभियान शुरू किया।

करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद अजगर को सुरक्षित काबू में लिया गया। इसके बाद उसे ट्रेन से दूर ले जाकर प्राकृतिक आवास में छोड़ दिया गया। हरिद्वार रेंज अधिकारी शीशपाल सिंह ने बताया कि टीम ने मौके पर पहुंचकर अजगर को सुरक्षित रेस्क्यू किया और प्राकृतिक आवास में छोड़ दिया। उन्होंने लोगों से वन्यजीव दिखाई देने पर खुद पकड़ने या भगाने के बजाय वन विभाग को सूचना देने की अपील की।

मानसून के दौरान हरिद्वार में वन्यजीवों के आबादी वाले क्षेत्रों में पहुंचने के मामले बढ़े हैं। हालांकि अब तक वन्यजीवों के हमले से किसी बड़े नुकसान की सूचना नहीं है, लेकिन लगातार वन्यजीवों की मौजूदगी से लोगों में दहशत बनी हुई है। वन विभाग ने लोगों से सतर्क रहने और वन्यजीव दिखाई देने पर तत्काल सूचना देने की अपील की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *