पुलिस थानों और सरकारी संस्थानों को बम से उड़ाने की धमकी, सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट – Uttarakhand Varta

देहरादून जिले के कई पुलिस थानों और सरकारी संस्थानों को बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद पुलिस प्रशासन में हड़कंप मच गया है। धमकी सोशल मीडिया और ई-मेल के माध्यम से दिए जाने की जानकारी सामने आई है, जिसके बाद सुरक्षा एजेंसियों ने जांच तेज कर दी है।

जानकारी के अनुसार, एक इंस्टाग्राम आईडी से की गई पोस्ट में देहरादून के कई पुलिस थानों को निशाना बनाने की धमकी दी गई। पोस्ट सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस तुरंत सक्रिय हो गई और मसूरी तथा देहरादून शहर कोतवाली समेत संबंधित थानों में जांच शुरू कर दी गई।

पुलिस साइबर सेल की मदद से संबंधित इंस्टाग्राम अकाउंट की जांच कर रही है और पोस्ट करने वाले व्यक्ति की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। एहतियात के तौर पर संवेदनशील स्थानों पर सुरक्षा और निगरानी बढ़ा दी गई है।ई-मेल में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी तथा कई सरकारी प्रतिष्ठानों को निशाना बनाने की धमकी का भी उल्लेख किया गया है। इसके अलावा धार्मिक स्थलों, रेलवे स्टेशनों और अन्य सार्वजनिक स्थानों पर हमले की चेतावनी दी गई है।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, धमकी भरे संदेशों और ई-मेल की सत्यता की जांच की जा रही है। साइबर विशेषज्ञों और सुरक्षा एजेंसियों की मदद से संदेश भेजने वाले की पहचान करने के प्रयास जारी हैं। फिलहाल सभी संवेदनशील स्थानों पर सुरक्षा बढ़ा दी गई है और मामले की गहन जांच की जा रही है।




Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *